लेख: डेटिंग एप

एक प्रसिद्ध समाचार पत्र की खबर पढ़कर पहले मुझे हँसी आई, लेकिन जब मेरे घर के सदस्यों में हो रही गुफ्तगू पर ध्यान गया तो मैं चौंक गई । सुनने पर समझ में आया कि वाकई यह मामला पेचीदा है, क्योंकि यह राष्ट्र के वजूद और मानव जाति के अस्तित्व से जुड़ा है। यदि मानव जाति ही समाप्त हो जाए तो सृष्टि की भी कोई व्यवस्था नहीं बचेगी । मानव जाति को निरंतर बनाए रखने के लिए संतान का जन्म होना आवश्यक है जिसके लिए पति-पत्नी का प्रेम पूर्ण रिश्ता आधार बनता है । इस आत्मीय  रिश्ते को निभाने के लिए दो दिलों का आपसी जुड़ाव  बेहद ज़रूरी है और उन्हें इस बंधन में जोड़ने का दायित्व परिवार के सदस्य निभाते हैं । सदियों से इस पवित्र परंपरा को ‘विवाह’ का  नाम दिया है जिसके जरिए पीढ़ी-दर-पीढ़ी मानव जीवन की  शृंखला अनवरत चलती रहती है। 

किसी भी राष्ट्र की समृद्धि और अस्तित्व उसकी आबादी पर निर्भर करता है जिसे निरंतरता देने का कार्य विवाह जैसे सामाजिक संस्था करती है । बच्चों के विवाह का दायित्व पारंपरिक रूप से माता-पिता का रहा है और उन्हीं के द्वारा योग्य जीवनसाथी की खोज करने की यह परंपरा सदियों से आगे बढ़ रही है।  विवाह के बाद इस संस्था के अस्तित्व को बनाए रखना पूरी तरह से दंपतियों पर निर्भर करता है परंतु आजकल वैचारिक मतभेदों और व्यक्तिगत अहम् को प्रमुखता देने के कारण पति- पत्नी के संबंधों में दरारें आ रही हैं।  बिखरते परिवारों के इन उदाहरणों ने आज के युवा वर्ग के मन में विवाह के प्रति एक विरोधाभास या संशय पैदा कर दिया है । इसके अतिरिक्त करियर के प्रति अत्यधिक गंभीर युवाओं  ने पारिवारिक दायित्वों से दूरी बना ली है । वे बिना किसी पारिवारिक जिम्मेदारी के एकाकी जीवन “सिंगल” रहने को आधुनिक जीवनशैली का स्टेटस सिंबल मानने लगे हैं । एकाकी रहने वाले युवाओं की संख्या में इस वृद्धि के कारण गिरती जन्मदर और जन्म संख्या संतुलन बिगड़ने से कई देश अब अत्यधिक चिंतित और सतर्क हो गए हैं। 

इसी का असर सिंगापुर में दिख रहा है जहाँ अब डेटिंग एप माता-पिता की भूमिका निभाएंगे। वहाँ की घटती जनसंख्या से चिंतित सरकार ने देश को स्थिर रखने के लिए एक अनोखा कदम उठाया है । सरकार  ने अपने ही सरकारी अफसरों को विवाह बंधन की ओर आकर्षित करने हेतु  एक डेटिंग ऐप का निर्माण किया है। इसका उद्देश्य जीवनसाथी ढूँढ़ने में  लोगों की मदद करना है ताकि समय की बचत हो सके और वे देश के विकास पर ध्यान केंद्रित कर सकें  ।  

सिंगापुर राज्य ने विवाह जैसे सामाजिक बंधन को पुनः जीवित करने का सुंदर संकल्प  दर्शाया है । उनके  अनुसार राष्ट्र की उन्नति के अलावा समाज को जोड़ने के लिए परिवार का होना अति आवश्यक है । सिंगल लोग हमेशा घुमक्कड़ होकर अपने राज्य से दूर रहने के लिए तत्पर रहते हैं जबकि परिवार से जुड़े लोग घर के लोगों की परवरिश तथा आपसी स्नेह-संबंधों  को कायम रखने में तत्पर रहते हैं । ऐसे में सिंगापुर के इस अनोखे डेटिंग एप का अनोखा सिस्टम सक्रिय एवं उपयोगी बनने की शुभकामनाएँ देता है। 

Penned by Jayaajitan.

Please comment your views to: jayaajitan@gmail.com

Leave a Reply