कहानी : कौन अपना  और  कौन पराया ?

अनंतनाग के शहर तिरुवनंतपुरम की चौड़ी सड़क पर खड़ा कुशाल नाम का एक युवक कुछ सपने लेकर अपनी जन्मभूमि से चला था। कुशाल ने सुना था कि विशाल और भव्य शहर तिरुवनंतपुरम के लोगों का प्यार बेहद सराहनीय है। इसी कथन को ध्यान में रखते हुए वह तिरुवनंतपुरम पहुँचा।

बिहार में रहते समय बाल मजदूरी से अनजान कुशाल ने अपने परिवार को दैनिक मुश्किलों से मुक्त करने के लिए अपने नाजुक हाथों को काम करने हेतु कठोर बना लिया था। अपनी बीमार माँ की सेवा और अपने दो छोटे भाइयों की देखभाल के लिए उसने अपने माता-पिता के कहने पर अट्ठारह साल की उम्र में ही शादी कर ली। कम उम्र में शादी करने के नियमों के उल्लंघन से अनजान उसने पंद्रह साल की लड़की से शादी कर ली । घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कुशाल तिरुवनंतपुरम चला गया। कुशाल की माँ ने एक बोरी में कुछ पुराने बर्तन, एक केरोसिन स्टोव, एक थाली, गिलास और एक थैले में तीन किलो आटा भी रखा  ताकि वह अपना गुजारा कर सके। कुशाल के माता-पिता भारी मन से उसे दूसरे शहर जाने के लिए राजी हो गए थे ।

वह तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन पर उतरकर इतने बड़े शहर में कहाँ डेरा डाले इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए थोड़ा आगे चला जहाँ उसे एक विशाल मंदिर का मैदान दिखाई दिया। उसने अपने बोरे में बंधे सामान को वहीं रखने की सोची। तभी वहाँ एक हट्टा – कट्टा मलयालम भाषी उसके पास आया और अपनी टूटी-फूटी हिंदी में पूछा, “भाई तुम कहाँ  से आए हो, कहाँ  जाना है ?” उसने डरते हुए स्वर में कहा, “मैं बिहार से आया हूँ , मुझे नहीं पता कि कहाँ जाना है, इसलिए मैं यहीं रहना चाहता हूँ ।” मलयालम भाषी उसकी बात समझ गया, इसलिए उसे वहीं रुकने का इशारा किया और वहाँ  से चला गया। दस मिनट बाद वह अपने साथ एक पुलिस अधिकारी को ले आया और उसे दिखाकर धीरे से कुछ कहने लगा। पुलिस को देखकर कुशाल डर गया और रोने लगा। जैसे ही पुलिस वाले ने उसका हाथ पकड़ा, वह और भी जोर-जोर से रोने लगा। कुशाल ने हाथ जोड़कर कहा, “ मेरी कोई गलती नहीं है, मैं बिहार से यहाँ  काम की तलाश में आया हूँ, मेरा परिवार गरीब है, मैं कुछ काम करके उन्हें जीवन देना चाहता हूँ । मेरे परिवार वालों के लिए मेरे अलावा कोई नहीं है, मैंने किसी से कुछ नहीं लिया है और न ही लूँगा। मैं एक नेक इंसान हूँ ।” पुलिस अधिकारी ने बहुत शांति से कुशाल की बात सुनी और कहा, “डरो मत, मैं तुम्हें न तो  मारूँगा न ही डाटूँगाl  मैं तुम्हें ऐसी जगह ले जा रहा हूँ  जहाँ तुम्हें रहने की जगह के साथ-साथ काम भी मिल जाएगा ।” फिर भी वह पुलिस वाले के साथ जाने से मना कर रहा था। मलयालम भाषी ने उसका हाथ पकड़ा और उसे गाड़ी में बिठाया ।

कुशाल  पुलिस की गाड़ी में बैठकर पिछले साल घटी घटना के बारे में सोचने लगा था। जब वह बिहार में था, तो उसका एक दूर के रिश्तेदार जो पुलिस में था, उसे नौकरी दिलाई । कुशाल का काम था एक गाँव  से दूसरे गाँव एक बोरी पहुँचाना । काम में लगते ही उसकी कमाई बढ़ने लगी और घर की आर्थिक तंगी कम होने लगी। लेकिन कुछ ही दिनों में पता चला कि उसका वह रिश्तेदार अफीम की तस्करी करवाकर उसे ठग रहा है। बिहार पुलिस ने कुशाल को अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और कई दिनों तक जेल में रखा। आखिरकार जब सच्चाई सामने आई, तो कुशाल को उस अपराध से मुक्त कर दिया गया। लेकिन उस दिन से कुशाल पुलिस से डरने लगा था ।

इन्हीं विचारों में खोए हुए कुशाल ने देखा कि पुलिस की गाड़ी एक बड़ी इमारत के सामने जाकर रुकी। उसने सोचा कि यह तो पुलिस स्टेशन है और अब उसे यहीं रहना पड़ेगा। उस मकान  से एक आदमी बाहर आया और पुलिस अधिकारी को सलाम किया। वह आदमी कुशाल की ओर मुड़ा और बोला, “मेरे साथ आओ भाई।” कुशाल पूरी तरह घबरा गया। यह देखकर उस आदमी ने बिहारी में कहा, “डरो मत, मैं भी बिहार से आया हूँ। पुलिस इंस्पेक्टर साहब ने तुम्हें हमारे साथ रहने के लिए जगह देने और तुम्हारे लिए नौकरी खोजने को कहा है।” कोई और विकल्प न होने पर कुशाल वहीं रहने लगा।

अगले दिन उसे एक रेस्टोरेंट में “परोटा मेकर” (यानी केरल के पराठे बनाने वाले) के रूप में नौकरी मिल गई। वहाँ वह पूरे मन से काम करने लगा। वह कमाई ही उसकी असली कमाई थी। उसने घर पर भी कुछ पैसे भेजने शुरू कर दिए l इस तरह उसे तिरुवनंतपुरम शहर में मुफ़्त भोजन और रहने को भी जगह मिल गईl  आखिरकार उसका जीवन शांति और संतुष्टि से भर रहा था। तब से वह दूसरों को अपनी कहानी सुनाने लगा कि कैसे एक पराया आदमी उसके जीवन में फरिश्ता बनकर आया। कुशाल की कहानी सुनते – सुनते सुनने वालों के मन में विचार पनपने लगे – “एक पराया आदमी सिर्फ पराया नहीं होता, बल्कि भगवान भी बन सकता है।”

Penned by Jayaajitan.

Please comment your views to: jayaajitan@gmail.com

Leave a Reply