कृष्ण मुरारी सालों से रामलीला से जुड़ने के कारण पूरी पटकथा के संवाद यूँ ही याद हो गए थे । कई दशक से राम के किरदार के लिए नये-नये चेहरे पीढ़ी- दर -पीढ़ी की पहचान दिलाने में अपना योगदान देते रहे l किंतु अयोध्या से वापसी पर राम के चरित्र को सही मायने में निभाने वाला कोई कलाकार न मिलने से बड़े-बुज़ुर्गों के कहने से केवल कृष्ण मुरारी ही उस किरदार को निभाते थे । इस तरह हर बार कृष्ण मुरारी के कारण उस मोहल्ले का रामलीला मैदान कुछ ही दिनों में पूरी तरह राममय हो उठता था । इस जगमगाते माहौल और हर किसी को भक्ति में मुग्ध करने का सारा श्रेय नामी दर्जी कृष्ण मुरारी को जाता था ।
असल में उनका जीवन दिन-रात काम के उलझनों में बीतता था। हर दिन सुबह तीन बजे उठना उनके लिए एक दैनिक क्रिया बन गई थी । उनके मोहल्ले में नगर निगम के द्वारा पानी तीन दिन में छोड़ा जाता था । कृष्ण मुरारी को घर के छह जनों के लिए नहाने, साफ़-सफाई, खाना पकाने आदि के लिए आवश्यक पानी जमा करने की बात सताती थी। इसीलिए वे पानी भरने का काम अपनी जिम्मेदारी मानते थे। उन्हें रात भर पानी भरने तक बेचैनी रहती थी । अतएव वे बिना शोर किए दो बाल्टियाँ लेकर गेट खोलते थे । उस समय उनका यही प्रयास रहता था कि बिना आवाज़ किए बाहर निकले। किंतु लक्ष्मी अपने पति के सुनसान सड़क पर जाने से डरती थी। इसलिए लक्ष्मी की नींद ठीक दो बजे ही खुल जाती थी और इसलिए वह करवटें बदलकर लेटी रहती थी । उसे जैसे ही पता चला कि उसके पति उठ गए हैं वह तुरंत बच्चों को जगाकर बोली-
“बच्चो, पापा उठ गए हैं, चलो, आप लोग भी उठो।”
बच्चे जैसे लक्ष्मी की आवाज सुनते हैं सब बिस्तर छोड़कर अपने पिताजी के अंगरक्षक की तरह पास जाकर खड़े हो जाते थे। कृष्ण मुरारी अपने बच्चों को देखकर उनकी क्षमता के अनुसार एक-एक बाल्टी अपने दोनों बच्चों से उठवाते थे । पानी भरने का काम साढ़े चार बजे तक चलता था । इसके बाद वे सिलाई के काम में लग जाते थे । तब लक्ष्मी उन्हें गरम-गरम चाय देती और बोलती-
“ जी, जो भी हाथ का काम है मुझे दीजिए।”
लक्ष्मी के प्यार भरे स्वर सुनकर तुरंत कृष्ण मुरारी हाथ का काम पूरे विश्वास के साथ उसे सौंप देते थे कि लक्ष्मी उनका काम खराब नहीं करेगी। धीरे-धीरे बच्चों ने कई काम देखकर सीख लिया था । तब से वे भी पिताजी की मदद करने में उत्साह दिखाने लगे। ऐसे हर वर्ष उन्होंने रामलीला के कथा पात्रों के लिए साज- सज्जा से लेकर उनके वस्त्र भी नया-नया बनकर तैयार करने लगे थे ।
इसी बीच एक दिन रामलीला के एक सदस्य दौड़ते हुए कृष्ण मुरारी के पास आए और कहा-
“कृष्ण, हम लोग बड़े संकट में है, हमारी सीता किसी के साथ भाग गई । अब हमें किसी नई सीता की खोज करनी पड़ेगी ।”
राम लीला समिति ने कृष्ण मुरारी को माता सीता के लिए कोई नई लड़की को ढूँढ़ने का काम सौंपा । तब से कृष्ण मुरारी के लिए एक और नई जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेनी पड़ी। उस दिन से कृष्ण मुरारी उस गली से लेकर आसपास की सारी गलियों में सीता का पात्र निभाने योग्य कन्या को ढूँढ़ने लगे । वे खुद सीता को ढूँढ़ने के नाते घर- घर जाते थे । इनमें से कई श्री राम की भक्त में उपासना स्वरूप में बिना किसी प्रत्याशा से अपनी बेटी से सीता का पात्र करवाने के लिए तैयार थे । वे उन बच्चियों के माता-पिता के समक्ष माता सीता का लव – कुश के साथ संवाद वाला दृश्य का अभिनय करवाते थे । मगर उन लड़कियों का अभिनय तथा संवाद इतना फीका था कि उनके माता-पिता खुद असंतृप्त हो जाते थे । अतः उन्हें कला में निपुण कोई कन्या नहीं मिली । इसलिए सीता का चुनाव न कर पाने पर निराश कृष्ण मुरारी ने अपनी पत्नी से कहा –
“लक्ष्मी इस बार लगता है शायद रामलीला नहीं लगेगा, अभी तक मुझे माता सीता की भूमिका के लिए कोई सही लड़की नहीं मिली जबकि मैंने पूरे शहर में खोजा। हमने तो सारी तैयारियाँ कर दी हैं । लगता है ये सारे बेकार हो जाएँगे ।”
ज्योति एकाएक अपने निराश पिताजी के पास जाकर हिचकिचाते हुए बोली, “पिताजी क्या मैं माता सीता बन सकती हूँ ? यदि आप अनुमति दें तो संवाद के साथ अभिनय करके दिखाने केलिए तैयार हूँ। कृष्ण मुरारी ने हैरत भरी नज़रों से उसे अभिनय करने का इशारा किया । ज्योति ने माता सीता का लव-कुश के साथ का संवाद रूआँसे भरे स्वर में सुनाया –
“नहीं मेरे बच्चो! तुम नहीं जानते कि तुम किससे शत्रुता मोल ले रहे हो। महाराज श्रीराम अधर्मी नहीं बल्कि साक्षात मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।”
ज्योति का नैसर्गिक भावाभिनय देखकर कृष्ण मुरारी रो पड़े और उन्होंने उसे गले लगाया और कहा- “तुमने यह सब कब सीखा?
ज्योति ने बताया-
“आप जब दूसरी लड़कियों को बोलना और अभिनय करना दिखा रहे थे तो मैंने देखकर सीख लिया पापा ।”
कृष्ण मुरारी को विश्वास हो गया था कि उनकी बेटी ज्योति माता सीता बनने योग्य है और इसे वह आसानी से निभा सकती है । फिर भी उन्होंने अपनी बात को रामलीला के सदस्यों के समक्ष रखने की सोची । एक दिन उन्होंने रामलीला के बड़े – बुजुर्गों सदस्यों को अपने घर आमंत्रित किया । उस दिन ज्योति ने उन सदस्यों के समक्ष माता सीता और लव-कुश के बीच के संवाद का वही अभिनय दिखाया । ज्योति ने बड़ी तन्मयता के साथ माता सीता के चरित्र की प्रस्तुति दी जिससे सभी सदस्य गदगद हो उठे थे । समिति के अध्यक्ष ने कृष्ण मुरारी से कहा, “कृष्ण, तुम्हारी बेटी ने मर्मस्पर्शी भाव से सीता माता को धरती पर उतारा है । घर में ही माता सीता है तो अब क्या चिंता । हमारी माता सीता तुम्हारी बेटी बनेगी।“ ज्योति को उनकी बात एक बड़ी घोषणा जैसी लगी । यह सुनते ही वह झूम उठी और तुरंत बिना किसी के कहे एक थाली में पान के पत्ते के साथ थोड़ा चावल, पचास पैसे के कुछ सिक्के तथा कुमकुम बड़े बुजुर्ग के हाथ में रखकर दिए और उनके पैर छूकर आशीर्वाद माँगा । उन दिनों से हर नवरात्रि के आरंभ होते ही पिता के संरक्षण में वह माता सीता बनने लगी ।
कल भाग-३ जारी होगा ……..
Penned by Jayaajitan.
Please comment your views to: jayaajitan@gmail.com

Leave a Reply