कहानी: ऋण

‘ऋण’ शब्द सुनते ही शायद मेरे शरीर का तापमान शून्य पर पहुँच जाता था इसीलिए मेरा सारा बदन काँपने लगता था l मैंने बड़े महान लोगों को कहते हुए सुना है कि ऋण लेना भीख माँगने जैसा है । यही वजह थी कि ऋण शब्द हमेशा मेरे अंदर डर पैदा करता था l

हमारे पिताजी सरकारी सेवा में उच्च पद पर कार्यरत थे । उन्होंने हम तीनों बहनों को अच्छी शिक्षा दी।  बिना कर्ज़ लिए दीदी की शादी करवाई, ज़मीन खरीदी और मकान बनवाया । हमारे पिताजी को हम भाई – बहनों का दूसरों के अधीन काम करना नापसंद था । इसलिए उन्होंने सेवानिवृत्ति पर  प्राप्त धनराशि से एक विद्यालय खोला।  हम तीनों बहनें उसी विद्यालय में  बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स में शामिल होने साथ-साथ अध्यापन कार्य करने लगी थीं । हमारे एकमात्र भाई के लिए स्टेशनरी की दुकान खुलवाकर उन्होंने  कहा-

“तू पढ़ाई में कमजोर है इसलिए तेरी आमदनी के लिए यह दुकान खोली गई है l”

जैसे-जैसे विद्यालय और दुकान से आमदनी बढ़ने लगी तो पिताजी ने अधिक मुनाफ़ा कमाने हेतु अदरक के निर्यात के व्यापार में अपना कदम रखा और उससे भी उन्हें अच्छा लाभ मिलने लगा। पिताजी का काम सुचारू रूप से चलने और अच्छी कमाई होने के कारण उनकी तरक्की से जलने वाले हमारे  उन ईर्ष्यालु रिश्तेदारों ने एक चाल चली। एक दिन उन्होंने पिताजी को अदरक की खेप में मिट्टी मिलाकर दे दी। इससे बेखबर पिताजी ने उस अदरक से भरी बोरी को निर्यात कार्यालय में पहुँचाया । जब एक्सपोर्ट ऑफिस के अफ़सर अदरक की बोरी की जाँच की तो उन्हें अदरक की खेप में मिट्टी मिली हुई पाई गई। इस मामले में पिताजी पर मिलावटी अदरक बेचने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगा। इसी बीच उन ईर्ष्यालु रिश्तेदारों ने हमारे स्कूल और दुकान में आग लगा दी और वे शॉर्ट सर्किट का कारण बताकर बच निकले ।

यहीं से हमारे परिवार के लिए मुश्किलों का दौर शुरू हुआ। घर चलाने के लिए पैसों की कमी होने लगी। ऐसी स्थिति में हमारी माँ हमेशा हमारे पिता जी का हौसला बढ़ाने हेतु कहती थी –

“सब ठीक हो जाएगा ।”

माँ के धीरजपूर्ण शब्द पर भरोसा रखते थे फिर भी पिता जी  ने आत्मसम्मान खोने के डर से कर्ज़ नहीं लिया । नेक नीयत वाले रिश्तेदारों ने पिताजी को कर्ज़ लेने से आगाह किया और कहा-

“यदि आर्थिक सहायता से एक कमी को भरोगे तो कई और समस्याओं को जन्म दोगे जिससे आगे चलने में असमर्थ हो जाओगे।”

असमर्थता आदमी को  कमजोर कर देती है। इसी डर से हाथ में जो बचा था हमारे पिताजी उसे बेचने लगे और घर का हर सामान बिकने लगा था ।  इसी दौरान हमारे पिताजी के चचेरे भाई ने पिताजी को पुश्तैनी ज़मीन के कागज़ात बैंक में रखकर ऋण लेने के लिए कहा लेकिन हमारे पिताजी ने उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था । हम सब भाई – बहनों ने अपने पिताजी को चाचाजी की बात मनवाने की कोशिश की पर हम सब विफल हुए । पिताजी ने कहा-

“चाहे कुछ भी हो जाए मैं बैंक से भी ऋण नहीं लूँगा। मैं शपथ ले रहा हूँ कि मैं बिन ऋण जीऊँगा, बिन ऋण मरूँगा ।”

धीरे-धीरे अपना घर चलाने के लिए  हम भाई – बहनों ने नौकरियाँ कीं  और कमाने लगे थे । पिताजी भी काम करने लगे जिससे आर्थिक संकट दूर तो हुआ पर धीरे-धीरे जीवन के चक्र ने हमारे पिताजी को बुढ़ापे की बीमारियों से घेर लिया था। आखिरी समय पर जब वे मृत्यु शैय्या पर थे तो उन्होंने हमें बुलाकर हमारे हाथ में कुछ पैसे रखते हुए कहा-

“ये अंतिम क्रिया के पैसे हैं । इसी से ही काम चलाना है ।”

इतना कहकर वे परलोक सिधार गए । हम सब पुष्पांजलि अर्पित करते समय गौरान्वित हो रहे थे कि

हमारे  पिताजी बिना कोई ऋण लिए इस नश्वर लोक से जा रहे  हैं ।

Penned by Jayaajitan.

Please comment your views to: jayaajitan@gmail.com

Leave a Reply