दिन बीत गए, साल भी बीत गए, देखते ही देखते बचपन से जवानी, जवानी से अधेड़ उम्र ने जीवन के सफर को एक वरिष्ठ नागरिक की परिपक्वता से सजा दिया। उम्र के इस पड़ाव पर झुर्रियों और सुस्त शरीर को देखकर सुस्त मन बचपन के मजेदार पलों को याद करके गर्व महसूस करता है। क्या यह कहना सही नहीं है कि उस दौरान मिली जानकारी को अपनी स्मृति में बनाए रखने की क्षमता ही हमारा सबसे बड़ा सौभाग्य है?
हाँ, सही है, आज हम आधुनिक तकनीकी पर आश्रित हैं इसके बावजूद अपने स्कूली दिनों की वे सारी घटनाएँ चुटकियों में आँखों के सामने दृश्यमान हो जाती हैं और उन यादों को पुनः संजोकर रख लेते हैं।
मेरे बचपन के दिन यानी उन्नीस सौ अस्सी में अधिकतर बच्चे अपने रिश्तेदारों से प्राप्त चिट्ठियाँ, माचिस की खाली डीबिया, सिगरेट के खाली पैकेट, चॉकलेट के रंगीन व चाँदी के कागज, अलग- अलग आकार के पत्थर, कॉमिक्स की किताबें आदि एकत्रित करने की आदी थे। इसे मनोरंजन का साधन मानते थे। इन सब वस्तुओं की प्राप्ति से लगता था मानो खुशियों का संसार मिल गया है। खासकर रिश्तेदारों के हाथ से लिखी गई चिट्ठियाँ घर में आने-जाने वाले लोगों में पड़ोसियों तथा दोस्तों को पढ़कर सुनाने के रिवाज़ को सबने संयम से सुना था। कुछ दोस्तों के बारे में चिट्ठियों में उल्लेखित करने से वे भी पात्र बनते गए। इस तरह मेरे दोस्त और मेरे रिश्तेदारों के बीच नए रिश्ते पत्र लेखन के माध्यम से जुड़ गए थे । इन रिश्तों के इतना दिलचस्प होने का मुख्य कारण यह था कि मेरे अधिकांश दोस्त उत्तर भारत से थे, जबकि मेरे रिश्तेदार दक्षिण भारतीय थे। इस तरह अपनी-अपनी संस्कृति का आदान-प्रदान चिट्ठियों के माध्यम से होता रहा l
हस्तशिल्प में मेरी रुचि ने मुझे कला और शिल्प में हाथ आजमाने का अवसर दिया। खाली सिगरेट, माचिस की डिब्बियों से छोटे-छोटे सुंदर व मनमोहक शेल्फ, पलंग, सोफासेट इत्यादि बनाकर हमारे घर के बैठक की साज-सजावट को मात देते थे। अपनी इन कलाकृतियों के प्रदर्शन से मुझे वाह-वाही भी मिलती थी। उसी तरह शेल्फ में सुंदर रंगीन गुड्डे – गुडिया, चाँदी के कागज़ से बने नाग जो फन उठाए आकार ने देखने वालों की आँखों में चमत्कार पैदा करते थे । सबसे सराहनीय अनुभव वह था जब मैंने विभिन्न आकृतियों के पत्थरों पर रंग लगाकर एक देवता की मूर्ति बनाई थी। इसे एक पेड़ के नीचे प्रतिष्ठित करके उसकी पूजा करने लगे थे। मेरे साथ दूसरे दोस्तों ने भजन – गीत गाकर हर शाम को भक्तिमय वातावरण लाने का सहयोग दिया था। हम बच्चे होने के नाते हमारे द्वारा पूजा-पाठ के प्रति किसी ने न विरोध किया न ही किसी ने रोक-टोक की।
छुट्टियों में कॉमिक्स की किताबें इतनी सारी इकट्ठी हुई तो घर के पास रहने वाली एक दीदी को देने का निश्चय किया l वे अपने घर के सामने एक रेक पर किताबों को क्रम में रखती थीं l उन किताबों को कोई भी घर ले जा सकता था I यहाँ से किताबें लेने के लिए न तो कोई पैसे चुकाने पड़ते थे, न ही कोई कागजात पर हस्ताक्षर लिए जाते थे और पूर्ण रूप से निःशुल्क था। ऐसा स्थल केवल ज्ञान एवं मनोरंजन के आदान-प्रदान करने का ज़रिया जो आपसी विश्वास पर चलता था। मैंने भी अपनी पुरानी किताबें उनके घर की ग्रंथशाला में दान कर दीं ।
बचपन की बड़ी मजेदार अन्य अनुभूतियों में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मेरे मुख पर किए गए मेक-अप से अपनी सुंदरता को स्वयं निहारने के अलावा अपने पडोसी अंकल- आंटी को दिखाकर अगली सुबह ही मुख से उतारा जाता था। मुख पर लगाए गए गुलाबी पाउडर, लिपस्टिक, काजल तथा बालों पर बंधे फूलों के गजरे को बिना निकाले उसे उसी तरह लगाए रखकर सोती थी। इससे प्राप्त आनंद की कोई सीमा नहीं होती थी।
हमारे विद्यालय में बस्तों में रखी चीज़ों की कोई जाँच न होने पर भी विद्यार्थीगण पुस्तकों के अलावा कोई अनावश्यक वस्तुओं को ले जाने का प्रयास नहीं करते थे। केवल लड़कियाँ हाथों से बनी साज-सजावट की महत्त्वपूर्ण वस्तुओं ले जाती थीं ताकि अपनी कक्षा को आकर्षक बनाए । कभी-कभार लड़के इन्हें बिगाड़ देते थे फिर भी आपसी झगड़ा किए बिना उस मामले को सुलझाने की कला उन दिनों के बच्चों में देखने योग्य थी । इसका सुंदर उदाहरण था कि स्वयं लड़के भी कक्षा की साज-सजावट में हाथ बँटाने लगे थे।
बचपन की इन यादों ने सदा गतिमान रहने की प्रेरणा दी थीं। पुरानी चीजों को उपयोगी बनाने की सीख ने जीवनभर हाथ-पैरों को चुस्त रखने में सहायक बन गया और मैं स्वास्थ्य पूर्ण जीवन से भरपूर आनंद उठा रही हूँ ।
Penned by Jayaajitan.
Please comment your views to: jayaajitan@gmail.com

Leave a Reply