हाल ही में, मैंने एक नामी समाचार पत्र में एक प्रेरणादायक खबर पढ़ी । निम्नलिखित लेख उसी पर आधारित है।
खून के रिश्तों का महत्त्व जानने – समझने पर भी कंस कृष्ण के शत्रु क्यों बने, बुआ होलिका भक्त प्रह्लाद को गोद में लेकर अग्नि में क्यों बैठीं, दुर्योधन ने पांडवों को निरंतर कष्ट क्यों दिए और पिता के वचन को निभाने के लिए श्रीराम को वनवास क्यों जाना पड़ा? इतिहास और पौराणिक कथाओं के इन चरित्रों और इनके दुखद परिणामों से भली – भाँति परिचित होने के उपरांत भी आज हमारे समाज में कई कंस, शकुनि मामा और होलिका जैसी बुआएँ विद्यमान हैं।
इनके चरित्रों से यही व्यक्त होता है कि वैरी केवल बाहरी लोगों में ही नहीं अपने घर वालों में भी होते हैं । जिनके रिश्तेदार राक्षसी स्वभाव के होते हैं उनसे सामान्य रूप से हर कोई दूरी बना लेता है । खासकर अभिभावकों को ऐसे स्वभाव वाले लोगों से सतर्क रहना ही पड़ता है। हमारी इस चिंता का समाधान देने हेतु हमारे समाज में मिसाल बनकर उभरे हैं – श्री विजय यानी क्रिकेटर उमा काशवी के चाचाजी ।
यहाँ विशेष रूप से उन चाचाजी का उल्लेख किया गया है जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन अपनी भतीजी के लिए समर्पित कर दिया और आज वह क्रिकेट की दुनिया में अपना परचम लहरा रही है । क्रिकेट जगत ने एक नए चेहरे को देखा जिसका नाम है – उमा काशवी। उसमें परिश्रम, उद्यमशीलता, अटलता और समर्पण जैसे गुणों का विकास करने के लिए साथ खड़े रहे उसके चाचाजी- श्री विजय । वास्तव में चाचाजी का आत्म समर्पण भाव ही उमा काशवी की उन्नति का मुख्य कारण है । उमा काशवी एक सामान्य खिलाड़ी से आज पंद्रह साल की उम्र में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप – कप्तान बनी। शायद ही उमा के माता-पिता भी उतना कर पाते जितना उसके चाचाजी ने किया है।
उमा के चाचाजी बचपन से ही उसकी रुचि को जानने के इच्छुक थे। इसी खोज में लगे चाचाजी ने एक दिन उसे लड़कों के साथ क्रिकेट खेलते हुए देखा । उसकी उम्दा बल्लेबाजी और गेंदबाजी देखकर वे अचरज में पड़ गए । अपनी भतीजी की प्रतिभा से आत्मविभोर होकर वे उसे आगे बढ़ाना चाहते थे। इसके लिए विजय जी ने उसका दाखिला एक अकादमी में करवाया । वहाँ अभ्यास करने के लिए उसके चाचा जी ही उसे सुबह-सुबह ले जाते थे। अकादमी में उसे गेंदबाजी, बल्लेबाजी से लेकर फील्डिंग की बारीकियों का ज्ञान मिलता रहा ।
घर वापस आकर भी विजय जी उमा को अभ्यास करवाने में लगे रहते थे। इसके अलावा वे शाम को भी अभ्यास के लिए उसे दूसरी अकादमी में ले जाने लगे। इस तरह दिन – रात अभ्यास में लगी उमा का साथ देने वाले केवल उसके चाचा जी ही थे । उमा के माता-पिता ने अपनी बेटी को समय देना चाहा किंतु अपनी आईटी जॉब की व्यस्तता के कारण उमा की प्रतिभा को उभारने में असमर्थ रहे। ऐसी संकट की घड़ी में उमा के चाचा जी ने पुरानी नौकरी छोड़ दी और एक निजी कंपनी में काम करने लगे । इससे श्री विजय जी ज़ूम मीटिंग के माध्यम से काम निपटाने लगे । आगे चलकर जूम मीटिंग ने भी विजय जी को मुश्किल में डाल दिया क्योंकि जहाँ-जहाँ उमा की सुरक्षा की कमी थी वहाँ उसकी सुरक्षा पर अपना ध्यान केंद्रित करना पड़ता था l ऐसी स्थिति में उन्हें यह नौकरी भी छोड़नी पड़ी l
इन सब के बीच उमा के प्रति समर्पित विजय जी ने अपना घर बसाने तथा अपने करियर को हाशिए पर रखकर अपनी भतीजी के करियर को संवारने के लिए अपने सपनों को दबा दिया और सचमुच वे एक अनोखी मिसाल बन गए हैं I उसे पंद्रह साल की कम उम्र में क्रिकेट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए चुने जाने का श्रेय उसकी छाया बनकर खड़े चाचाजी की विशेष भूमिका को जाता है I इस लिए सबसे पहले श्री विजय जी को सम्मानित करने की आवश्यकता है l उसकी प्रतिभा को देखते हुए भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले अंडर-19 के मैच के लिए उसका चयन किया गया l उसके लिए उसे पारितोषिक के रूप में दस लाख रुपए देने की घोषणा की गई l इस घोषणा को सुनकर विजय जी भावुक होकर रो पड़े l उनके अपने जीवन का एकमात्र लक्ष्य अपने भतीजी की प्रतिभा को निखारना था l उन्होंने अपनी भतीजी के लिए जो संकल्प लिया था वो लगभग पूरा हो चुका था l उमा केशवी को विश्व स्तर पर कीर्तिमान के योग्य बनाने वाला यह उदाहरण हमारे समाज में चाचा, मामा जैसे रक्त संबंधों को बदनाम न करने का संदेश प्रदान करता है l इससे खून के रिश्तों में प्रकाश फैलाने की आशा जाग्रत है l श्री विजय जी का जीवन इस बात का आश्वासन देता है कि आने वाले दिनों में कंस, दुर्योधन, होलिका जैसी नकारात्मक भावनाएँ संभवतः नहीं रहेंगी l
Penned by Jayaajitan
Please comment your views to:jayaajitan@gmail.com

Leave a Reply